बरोटा में बिजली बोर्ड के फोरमैन ने दी जान, कमरे में मिला शव
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। बरोटा पंचायत के बरोटा गांव में बिजली बोर्ड में फोरमैन के पद पर कार्यरत 28 वर्षीय शुभम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर के कमरे में फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, शुभम शुक्रवार शाम घर पर मौजूद थे। रात करीब आठ बजे उनकी मां और पत्नी कमरे में पहुंचीं तो उन्हें फंदे से लटका देखकर घबरा गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों ने शुभम को नीचे उतारा और तुरंत घुमारवीं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
