चंबा में अग्निकांड, 20 लाख का मकान राख; बेघर हुआ परिवार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करयूनी-कोठी के सेरी गांव में शनिवार सुबह भीषण अग्निकांड हुआ। आग लगने से देवी सिंह पुत्र फत्तु राम का दो मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोका जा सका।
अग्निकांड में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की कार्रवाई की जा रही है। विधायक डॉ. जनक राज ने भी प्रशासन को परिवार की मदद के निर्देश दिए हैं।
मकान जलने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। ठंड के बीच परिवार को सिर छिपाने के लिए सुरक्षित ठिकाने की जरूरत है।
