कुल्लू दशहरा होगा ग्लोबल, 24 देशों की संस्कृति दिखेगी
हिमाचल का विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव इस बार और भी भव्य होने जा रहा है। सात दिवसीय उत्सव 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इस बार उत्सव का मुख्य आकर्षण ग्लोबल डांस रहेगा, जिसमें विदेशी कलाकारों के साथ हिमाचल के लोक कलाकार भी एक मंच पर प्रस्तुति देंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, अब तक 12 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है, जबकि कुल 24 देशों के शामिल होने की उम्मीद है। अमेरिका, थाईलैंड, मिस्र, रूस, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान सहित कई देशों के कलाकार उत्सव में अपनी संस्कृति की झलक दिखाएंगे।
ग्लोबल डांस के लिए ढालपुर मैदान में अलग मंच तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा उत्सव में ड्रोन और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। करीब 500 ड्रोन के जरिए आसमान में भव्य प्रस्तुति देने की तैयारी है।
उत्सव की शुरुआत 21 अक्टूबर को भगवान रघुनाथ की रथयात्रा के साथ होगी, जबकि 27 अक्टूबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 346 स्थानीय देवी-देवताओं को भी आमंत्रित किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं और नशामुक्ति अभियान भी उत्सव का हिस्सा होंगे।
