राष्ट्रपति दौरा: अटल टनल पर ट्रैफिक बंद, 6 अक्टूबर रात से भारी वाहनों पर रोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल दौरे को लेकर कुल्लू-मनाली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 6 अक्टूबर रात 8 बजे से 7 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक अटल टनल की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी !
इसके अलावा 7 अक्टूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान अन्य वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
प्रशासन ने 6 से 8 अक्टूबर तक रामबाग से हिडिंबा मंदिर और ओल्ड मनाली की ओर भारी वाहनों पर भी रोक लगाने के आदेश दिए हैं। आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस और सुरक्षा वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी !
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 से 8 अक्टूबर तक हिमाचल दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह बिलासपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद मनाली जाएंगी और 7 अक्टूबर को हिडिंबा मंदिर व अटल टनल का दौरा प्रस्तावित है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इन प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
