पुराना बस अड्डे पर पाइपलाइन लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद
कुनिहार के पुराना बस अड्डे पर पिछले कई दिनों से पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं, जिनमें पानी भरने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों के अनुसार पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण दुकानों के सामने सड़क पर पानी जमा हो रहा है। सड़क पर बने गड्ढों से गुजरने वाले वाहनों के टायरों से गंदा पानी उछलकर दुकानों और वहां से गुजर रहे लोगों पर गिरता है। इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पाइपलाइन से पानी का रिसाव हो रहा है। इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। व्यापारियों ने रोष जताते हुए कहा कि एक ओर हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़क की हालत खराब होने से लोगों को रोजाना दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
व्यापारियों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन की लीकेज को जल्द ठीक करवाया जाए और सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत भी करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और पानी की बर्बादी रोकी जा सके।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) ज्ञान कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को कल तक ठीक करवा दिया जाएगा।
