किन्नौर में चौपाल के युवक की दर्दनाक मौत, 600 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप
किन्नौर: जिले के निगुलसरी में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चौपाल के एक युवक की मौत हो गई। हादसा निगुलसरी के ओल्ड ब्लॉक पॉइंट के पास हुआ, जहां एक पिकअप वाहन सड़क से लुढ़ककर करीब 500 से 600 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अभय रांटा, पुत्र सुरेश, निवासी रोशल, चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का नंबर HP-63C-6811 बताया गया है।
हादसे की सूचना बुधवार सुबह करीब 9 बजे भावानगर पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही एएसआई हेमराज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गहरी और दुर्गम खाई होने के कारण शव को बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना रहा।
पुलिस जवानों के साथ होमगार्ड और अन्य रेस्क्यू टीम ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अभय रांटा के शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भावानगर पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी चौपाल से किन्नौर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को मंगलवार देर शाम चौरा से रामपुर की ओर जाते हुए देखा गया था। वाहन किस दिशा में जाते समय हादसे का शिकार हुआ, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
एसपी किन्नौर सुशील कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत भी प्रदान की गई है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
