सोने की कीमत में आई तेज़ी, 145 रुपये महंगी हुई चांदी
सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमत में मामूली बढ़त आई है। हालांकि अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण लाभ सीमित रहा। आज एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.19 फीसदी यानी 91 रुपये उछलकर 47625 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 0.22 फीसदी (145 रुपये) बढ़कर 67169 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पिछले एक सप्ताह में सोने की भौतिक कीमत में करीब 600 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है, जबकि इस दौरान चांदी में करीब 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजारों में आज सोने की कीमत में गिरावट आई। हाजिर सोना 0.1 फीसदी गिरकर 1,799.89 डॉलर प्रति औंस हो गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.2 फीसदी गिरकर 1798.90 डॉलर प्रति औंस हो गया। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.1 फीसदी बढ़कर 25.18 डॉलर प्रति औंस पर रही। पैलेडियम और प्लैटिनम क्रमश: 2671.77 डॉलर और 1061.55 डॉलर पर सपाट रहे।
