सागर धनखड़ मर्डर केस में पुलिस को मिली एक और कामयाबी, जानिए पूरा मामला
देश की राष्ट्रीय राजधानी में स्थित छत्रसाल स्टेडियम में हुई पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक और आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के समय गौरव, सुशील कुमार का साथ देने के लिए छत्रसाल स्टेडियम में ही मौजूद था। आपको बता दें कि गिरफ्तार हुए आरोपी गौरव की उम्र महज 22 साल है। वह जूनियर पहलवान है। वह बापरौला गांव का रहने वाला है।
बता दें कि 4 और 5 मई की मध्यरात्रि को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में सुशील कुमार और उसके साथियों ने मिलकर पहलवान सागर धनखड़ को कथित रूप से बहुत पीटा था, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई थी. हैरान करने वाली बात ये है कि सुशील कुमार ने खुद इस घटना का वीडियो बनावाया था ताकि बाकी लोगों को पता चल सके कि उसके खिलाफ जाने क्या अंजाम हो सकता है? गौरतलब है कि सुशील कुमार को हाल ही में दिल्ली की मंडोली जेल में शिफ्ट किया गया। पहले वह तिहाड़ जेल में बंद था। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
