हिमाचल : सरकारी राशन डिपो में दाल व तेल के बाद अब चीनी भी मिल सकती है सस्ती
हिमाचल प्रदेश में मंडी संसदीय सीट और तीन विधानसभा उपचुनावों से पहले सरकार महंगाई को कम करने में जुट गई है। इसी कड़ी में डिपुओं में मिलने वाले सरसों तेल और दालों के बाद अब चीनी के दाम कम करने की तैयारी है। चीनी के दाम प्रति किलो एक से दो रुपये तक कम किए जा सकते हैं। फिलहाल, एपीएल (गरीबी रेखा से ऊपर) उपभोक्ताओं को 30 जबकि बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों को 19 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चीनी दी जा रही है। यही नहीं, डिपो में पैकेट बंद चीनी दी जाएगी। आगामी कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को लाया जा रहा है। सरकार ने हाल ही में दालों के दाम प्रति किलो 8 रुपये तक जबकि सरसों तेल के 7 रुपये प्रति लीटर दाम घटाए हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में 18.5 लाख राशनकार्ड उपभोक्ता हैं।
