महंगाई को लेकर कांग्रेस हमलावर, राहुल गांधी बोले- खाया भी, ‘मित्रों’ को खिलाया भी
महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रही है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज खुदरा महंगाई दर से जुड़ी खबर साझा करते हुए लिखा, ''खाया भी, ‘मित्रों’ को खिलाया भी- बस जनता को खाने नहीं दे रहे। '' इसके साथ उन्होंने #PriceHike लिखा। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस 19 जुलाई से आरंभ हो रहे संसद के मानसून सत्र में महंगाई के मुद्दे को उठाएगी और इस पूर्ण चर्चा की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई को लेकर राजग सरकार लगातार यह बताने की कोशिश कर रही है कि महंगाई से जुड़ी चिंता फर्जी है और अगर सरकार इस मुद्दे को नजरअंदाज करती है तो यह मुद्दा खत्म हो जाएगा। कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार की घोर लापरवाही की निंदा करती है।
