दिल्ली के जंतर-मंतर में आज प्रदर्शन करेंगे किसान, छावनी में तब्दील हुआ इलाका
कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर बीते आठ महीनों से आंदोलन कर रहे किसान संगठन आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने इसे 'किसान संसद' का नाम दिया है। संसद के मानसून सत्र के बीच तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जंतर-मंतर पर किसानों के विरोध को देखते हुए सिंघू बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है। किसान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन करेंगे। कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान यूनियनों का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा को इस बारे में एक शपथपत्र देने के लिए कहा गया है कि सभी कोविड नियमों का पालन किया जाएगा और आंदोलन शांतिपूर्ण होगा।
किसानों को प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस ने कोई लिखित इजाजत नहीं दी है। हालांकि दिल्ली सरकार से उन्हें धरना-प्रदर्शन की औपचारिक इजाजत मिली है। इस आदेश के मुताबिक आज से लेकर 9 अगस्त तक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक 200 प्रदर्शनकारी धरना दे सकते हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में इस समय आपदा प्रबंधन कानून लागू है, जिसके चलते कहीं भी कोई जमावड़ा नहीं हो सकता। लेकिन किसानों के आंदोलन के लिए दिल्ली सरकार ने दिशानिर्देशों में संशोधन किया और इजाजत दी।