सुरेश रैना के बयान पर दो हिस्सों में बंटा सोशल मीडिया, ट्विटर पर चला 'मैं भी ब्राह्मण' ट्रेंड
भारत के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना के 'मैं भी ब्राह्मण हूं' वाले बयान पर अब सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। ट्विटर पर कई लोग अब उनके इस बयान के समर्थन में उतर आए हैं। ट्विटर पर 'मैं भी ब्राह्मण' ट्रेंड कर रहा है। रैना ने पिछले दिनों तमिलनाडु प्रीमियर लीग के पांचवे सीजन के शुरुआती मैच में कमेंट्री के दौरान ये विवादित बयान दिया था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उन्हें बूरी तरह से ट्रोल किया था। अब बहुत से यूजर्स रैना के इस बयान के सपोर्ट में उतर आए हैं। मामले में ट्विटर पर कमेंट कर रहे कई यूजर्स का मानना है कि रैना ने खुद को ब्राह्मण बताकर कोई गलत बात नहीं की है। इस बात पर उनकी आलोचना पूरी तरह गलत है और किसी को भी उनके इस बयान पर बूरा नहीं मानना चाहिए।
बता दें कि सुरेश रैना तमिलनाडु प्रीमियर लीग के शुरुआती मैच में कॉमेंट्री टीम में शामिल थे। इसी दौरान एक कमेंटेटर ने सुरेश रैना से दक्षिण भारत की संस्कृति को अपनाने को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में रैना ने कहा कि ब्राह्मण होने की वजह से उन्हें चेन्नई की संस्कृति अपनाने में बेहद आसानी हुई। सुरेश रैना ने कहा कि मुझे लगता है मैं भी ब्राह्मण हूँ। मैं 2004 से चेन्नई में क्रिकेट खेलता आ रहा हूं। मुझे दक्षिण भारत की संस्कृति से बेहद प्यार है। मैं अनिरुद्ध श्रीकांत, सुब्रमण्यम बद्रीनाथ और एल बालाजी के साथ क्रिकेट खेल चुका हूं। मैं 2008 से ही आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हूं।
