सोने और चांदी की कीमत में आई तेज़ी, जानिए आज का भाव
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमत में तेजी आई। आज सोना 256 रुपये बढ़कर 46,698 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वैश्विक बाजारों से भारत में पीली धातु प्रभावित हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 46,442 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 662 रुपये की बढ़त आई और इसकी कीमत 66,111 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 65,449 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,808 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 25.33 डॉलर प्रति औंस पर सपाट था।
बीते वित्त वर्ष 2020-21 में सोने का आयात 22.58 फीसदी बढ़कर 34.6 अरब डॉलर या 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोने का आयात चालू खाते के घाटे (CAD) को प्रभावित करता है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। वित्त वर्ष के दौरान चांदी का आयात 71 फीसदी घटकर 79.1 करोड़ डॉलर रह गया।
