हिमाचल प्रदेश : साइबर कैफे में दाखिला फार्म भरने के तय होंगे दाम
प्रदेश के कॉलेजों में 26 जुलाई से प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई है। इसके लिए कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को साइबर कैफे में जाकर प्रवेश फार्म भरने पड़ रहे हैं। साइबर कैफे में एक फार्म भरने के 200 से 250 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। कॉलेजों में प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में अधिकतम 150 रुपये खर्च आता है। इसमें दसवीं, बारहवीं की अंक तालिका, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाणपत्र, मूल हिमाचली प्रमाण पत्र को स्कैन करने का खर्च प्रति कॉपी दस रुपये, कॉलेजों के प्रोस्पेक्टस की अधिकतम 50 रुपये फीस, साइबर संचालक के इंटरनेट और अपने सेवा का अधिकतम 50 रुपये खर्च आता है। यह कुल मिलाकर 150 रुपये से कम ही रहता है। निदेशालय के पास इस तरह की शिकायतें पहुंचने के बाद शिक्षा निदेशक ने कॉलेज प्रिंसिपलों को जिला प्रशासन से बैठक करने के बाद साइबर कैफे के रेट तय करने के निर्देश दिए हैं। निदेशक ने बताया कि ऑफलाइन भी कॉलेजों में दाखिले विद्यार्थी ले सकते हैं।
