हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार के सेवाविस्तार को रद्द करने, शिक्षक भर्ती की न्यायिक जांच और आम छात्रों की समस्याओं को हल करने के लिए शनिवार को एनएसयूआई ने राजधानी शिमला में उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच लात-घूंसे भी चले और छात्र नेताओं के कपड़े भी फटे। बारिश के बीच तीन घंटे तक जोरदार धरना-प्रदर्शन चलता रहा। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां भी दीं। कार्यकर्ताओं ने सचिवालय और विधानसभा के घेराव की भी चेतावनी दी। एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर, विवि इकाई अध्यक्ष प्रवीण मिन्हास और वीनू मेहता सहित अन्य नेताओं की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने दोपहर एक बजे चौड़ा मैदान से लेकर कुलपति कार्यालय तक झंडे उठाकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। यहां कार्यकर्ताओं ने कड़े पुलिस और क्यूआरटी के पहरे के बावजूद वीसी कार्यालय में घुसने का प्रयास किया, जिस पर कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच डेढ़ बजे से साढ़े चार बजे तक जमकर धक्का-मुक्की हुई।
