जम्मू-कश्मीर: पथरबाज़ी करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन, न मिलेगी सरकारी नौकरी, न पासपोर्ट वेरिफिकेशन
जम्मू-कश्मीर में पथरबाज़ी करने वालों के खिलाफ कड़ा संज्ञान लिया गया है। अब पथरबाज़ी करने वाले युवाओं को न तो सरकारी नौकरी मिलेगी, न ही उनके पासपोर्ट का वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसी बाबत कश्मीर सीआईडी ने सर्कुलर जारी कर दिया है। सर्कुलर में कहा गया है कि इस तरह कि गतिविधियों में शामिल होने वाले लोगों को सिक्योरिटी क्लियरेंस न दिया जाए। सरकारी नौकरी या सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों में जब किसी व्यक्ति की सिक्योरिटी क्लियरेंस की रिपोर्ट तैयार की जाएगी, तो उस वक्त इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि वो व्यक्ति पत्थरबाजी, कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी दूसरे अपराध में शामिल न रहा हो। अगर कोई ऐसा करता पाया जाता है तो उक्त व्यक्ति को सिक्योरिटी क्लियरेंस नहीं दिया जाएगा। कश्मीर सीआईडी ने कहा कि ऐसे लोगों कि पहचान के लिए पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों की मदद ली जाए।
