दिल्ली में उफान पर यमुना नदी, प्रशासन ने दी बाढ़ की चेतावनी
देश के कई राज्यों में मानसून जमकर सक्रिय है, जिसके कारण कुछ जगहों पर भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हालात खराब हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी बादल जमकर बरस रहे हैं। इसके अलावा पहाड़ों पर हो रही तेज बारिश के चलते दिल्ली में यमुना नदी इस वक्त उफान पर है।
बुधवार को हरियाणा के यमुनानगर में हथिनी कुंड बैराज से दिल्ली की तरफ तकरीबन 1 लाख 59 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिस वजह से यमुना नदी में पानी का बहाव तेज होता गया और राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर शुक्रवार को खतरे के निशानको पार कर गया है। आशंका जताई जा रही है कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर अभी और बढ़ सकता है।
दिल्ली प्रशासन ने शुक्रवार को बाढ़ की चेतावनी दी है। साथ ही यमुना से सटे मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं, क्योंकि राजधानी में नदी ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बीच 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर गई थी।
