दिल्ली: पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे केजरीवाल का लोगों ने किया विरोध
दिल्ली में नौ साल की बच्ची की संदिग्ध हालात में हुई मौत का मामला गर्माता जा रहा है। पीड़ित परिवार की ओर से इंसाफ की गुहार लगाई जा रही है। बुधवार को जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। यहां पर कुछ लोगों ने अरविंद केजरीवाल का विरोध किया, हालांकि बाद में मुख्यमंत्री वहां मौजूद मंच पर ज़रूर पहुंच पाए। लेकिन यहां भी वह मंच पर लड़खड़ा गए। विरोध के बीच अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ही पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जब वो मंच पर चढ़े थे, तभी उन्हें वहां भीड़ होने के कारण धक्का लगा जिसके बाद वह गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। बता दें कि दिल्ली कैंट इलाके में रविवार को नौ साल की बच्ची की मौत की खबर सामने आई थी। परिवार वालों का आरोप है कि बच्ची का रेप किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस केस में हत्या, पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
