हिमाचल सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेताओं को दिया तोहफा, निगम के होटलों में निशुल्क रहने का ऑफर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणा की है कि प्रदेश के किसी भी पर्यटन विकास निगम के होटल में टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं को तीन दिन निशुल्क रहने का ऑफर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को ओलिंपिक विजेताओं का अभिनन्दन करने में प्रसन्नता होगी। ओलंपिक पदक विजेता प्रदेश में कहीं भी एचपीटीडीसी के किसी भी होटल में तीन दिन निशुल्क ठहर सकते हैं। यहां की संस्कृति और सुहावने मौसम का आनंद ले सकते हैं। सीएम ने ओलंपिक पदक विजेताओं को बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक लाने वाली हॉकी टीम के सदस्य खिलाड़ी मूलरूप से चंबा जिले के डलहौजी के रहने वाले वरुण कुमार को हिमाचल प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपये नकद इनाम और डीएसपी के पद पर नौकरी देगी। सीएम ने कहा कि हमें प्रसन्नता है कि हॉकी टीम ने ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
