हिमाचल : लाहौल व कुल्लू में सर्च ऑपरेशन जारी, एनएच-305 तीन घंटे रहा बंद
कुल्लू जिला में बारिश का कहर जारी है। जिला में शनिवार सुबह से बारिश हो रही है। घियागी के समीप चट्टानें सड़क पर आने से एनएच-305 करीब तीन घंटे तक बाधित रहा। इसके साथ ही जिला में 15 से अधिक सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हैं। लगातार बारिश के चलते सेब तुड़ान प्रभावित हुआ है। बागवान सेब का तुड़ान नहीं कर पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर लाहौल-स्पीति जिला के शांशा और जाहलमा नाले में पुल गिर जाने के बाद अस्थायी सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। फिलहाल नाले से होकर ही सड़क निकाली जाएगी। इसके बाद लाहौल में फंसे हुए लोगों को रेस्क्यू किया जाएगा। स्थानीय लोग रेस्क्यू अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर लाहौल नहीं जा पा रहा है। वहीं तोजिंग नाले में लापता हुए लोगों को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ, बीआरओ की टीमें लापता लोगों की तलाशी में जुटी हैं। कुल्लू के ब्रह्मगंगा नाले में बादल फटने से लापता लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि पार्वती नदी में लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
