सोने की कीमत में आया उछाल, चांदी 67 हजार के पार
आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमत में उछाल आया। आज एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.39 फीसदी यानी 186 रुपये उछलकर 47763 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 1.17 फीसदी (774 रुपये) बढ़कर 67164 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से 8437 रुपये नीचे है। भारत में सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजारों से प्रभावित होती है।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार, हाजिर बाजार में बुधवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 47,761 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 66,386 रुपये प्रति किलोग्राम थी। पिछले दो हफ्तों में पीली धातु 700 रुपये सस्ती हुई है। बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों, असमान वैश्विक आर्थिक सुधार और डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित होती है।
वैश्विक बाजारों में आज सोने की कीमत में तेजी आई। हाजिर सोना 0.5 फीसदी बढ़कर 1,815.56 डॉलर प्रति औंस हो गया। पहले यह जुलाई 2020 के बाद के उच्च स्तर, 1,817.35 डॉलर पर पहुंच गया था। अमेरिकी सोना वायदा 0.9 फीसदी बढ़कर 1,815.30 डॉलर प्रति औंस हो गया। अन्य कीमती धातुओं में चांदी .9 फीसदी बढ़कर 25.15 डॉलर प्रति औंस पर रही। पैलेडियम 0.6 फीसदी ऊपर 2641.69 डॉलर और और प्लैटिनम 0.8 फीसदी बढ़कर 1073.42 डॉलर पर रहा।
