मानसून सत्र : रामस्वरूप शर्मा की मृत्यु की जाँच CBI से न करवाने पर विपक्ष ने किया वॉकआउट
मंगलवार को हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्य खड़े होकर हंगामा करने लगे। भाजपा सांसद रामस्वरूप की संदिग्ध मौत मामले में जांच पर अड़ी कांग्रेस ने इस मामले पर नियम 67 में सारा काम रोककर स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की मांग की। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि बगैर नियम के इस तरह से बोला नहीं जा सकता।
इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा मंडी से थे और उनके ही दल से संबंधित थे। रामस्वरूप शर्मा की मृत्यु के बाद वह बहुत विचलित हुए। यह दुखद देहांत दिल्ली में हुआ है। राज्य के कार्यक्षेत्र में नहीं आता है। दिल्ली में जांच की प्रक्रिया जारी है। वह उनके परिवारवालों से भी मिले हैं।
किन्नौर के कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि चार महीने से चुप बैठे हुए हैं। इतने समय में तो सारे साक्ष्य खत्म कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री की बात मानकर इतने समय तक सब चुप बैठे रहे। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने सदन में इस संबंध में हमलावर रवैया अपनाया। विपक्ष के सदस्य नारे लगाते रहे। फिर नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए।
