मुंबई में मॉल में स्थित कोविड अस्पताल में लगी आग, अब तक 10 लोगों की मौत, बढ़ सकता है आंकड़ा
मुंबई के एक मॉल में स्थित अस्पताल में आग लगने से कोविड-19 के 10 मरीजों की मौत हो गई। ये अस्पताल एक मॉल में चल रह था, जहां देर रात आग लग गई। खबर मिल रही है कि मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। पहले अस्पताल के एक हिस्से में आग लग गई थी। कुछ घंटे बाद अस्पताल के एक और हिस्से में आग लग गई। 12 घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
बता दें कि जिस ड्रिम मॉल में आग लगी है, उसे 2009 में बनाया गया था। इस मॉल में करीब 1000 छोटी दुकानें, 2 बैंक्वेट हॉल और एक अस्पताल है। कोरोना अस्पताल शुरु करने के लिए पिछले साल अस्पताल को कंडीशनल ओसी दिया गया था। मॉल विवादित है और चार साल पहले NCLT ने एक प्रशासक नियुक्त किया था।
अस्पताल में कुल 76 मरीज थे। जिसमें से 73 कोरोना मरीज थे और तीन अन्य बीमारी से पीड़ित थे। इनमें से 30 मरीजों को मुलुंड के जंबो सेंटर में भर्ती कराया गया है जबकि तीन को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य मरीजों ने खुद को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है।
वंही, मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर घटनास्थल पहुंचीं और उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि मॉल के अंदर अस्पताल है। उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार किसी मॉल के अंदर अस्पताल देखा। अगर यहां अस्पताल चलाने में किसी तरह की अनियमितता पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।