पर्यटन नगरी मनाली में अंगेठी की गैस लगने से 13 साल के लड़के की मौत
मनाली के चचोगा गांव में कोयले की अंगीठी की गैस से दम घुटने के कारण 13 साल के लड़के की मौत हो गई। घटना शनिवार रात की है।13 वर्षीय आकाश पुत्र भाग सिंह निवासी गांव और डाकघर पधर, जिला मंडी सातवीं कक्षा में पढ़ता था। वह करीब दो-तीन महीने से चचोगा में अपनी बड़ी बहन प्रोमिला पत्नी गोपाल नेगी के पास रह रहा था।
शनिवार शाम आकाश घर पर अकेला था। रात को दुकान बंद करने के बाद जब मृतक की बहन और जीजा घर लौटे तो आकाश के कमरे में कुंडी लगी हुई थी। बहन के आवाज़ लगने के बाद भी आकाश ने दरवाज़ा नहीं खोला। उसके बाद दरवाज़ा तोड़ कर अंदर देखा तो लड़का बिस्तर पर पड़ा हुआ था। कमरे में कोयले की अंगीठी जाली हुई थी। इसके बाद लड़के को परिजन मिशन अस्पताल मनाली लाए। यहां पर लड़के को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी लोगों के बयान दर्ज किए हैं। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि कोयले की अंगीठी से निकली गैस से दम घुटने के कारण लड़के की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।