38 रुपए मंहगी हुई चांदी, जानिए आज क्या रहा सोने का भाव
आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में तेजी आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.20 फीसदी (95 रुपये) बढ़कर 47,984 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो चांदी वायदा आज 0.06 फीसदी (38 रुपये) बढ़कर 69,119 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से करीब 8500 रुपये नीचे है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजार में आज हाजिर सोना 1,806.07 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रहा। वहीं अमेरिकी सोना वायदा 0.2 फीसदी नीचे 1,807.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 25.97 डॉलर प्रति औंस पर सपाट थी, पैलेडियम 0.1 फीसदी ऊपर 2,830.14 डॉलर और प्लैटिनम 0.1 फीसदी बढ़कर 1,105.02 डॉलर पर पहुंच गया। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, पिछले हफ्ते भारत में भौतिक सोना 2021 में पहली बार डिस्काउंट पर बेचा गया क्योंकि कोरोना वायरस मामलों में तेजी ने सख्त प्रतिबंधों को प्रेरित किया और खरीदारों को दूर रखा। हाजिर बाजार में शुक्रवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 46,791 रुपये जबकि चांदी 67,800 रुपये पर बिकी।
