अजमेर में पेश आया दर्दनाक हादसा, आग का गोला बने दो वाहन, जिंदा जल गए चार लोग
राजस्थान के अजमेर में बड़ा हादसा पेश आया है। यहां नेशनल हाईवे-8 पर दो ट्रेलरों में जोरदार भिडंत हो गई। भिडंत इतनी तेज़ थी कि दोनों ट्रेलर आग का गोला बन गए। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में ट्रेलर में चार सवार थे जोकि जिंदा जल गए। मरने वालों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं ट्रेलर से एक व्यक्ति ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 पर सुबह करीब छह बजे हुआ। टाइल्स पाउडर से भरा ट्रेलर जयपुर से ब्यावर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित हो गया, जिससे वह ब्यावर से जयपुर की तरफ जा रहे दूसरे ट्रेलर से जा टकराया। दूसरे ट्रेलर में मार्बल की थप्पियां भरी थीं। भिडंत होते ही दोनों ट्रेलरों में आग लग गई, जिससे चालक उसी में फंस गए और जिंदा चल गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
