दिल्ली: MCD उपचुनाव में 5 में से 4 सीटें जीती आप, जीत के बाद आप कार्यकर्ताओं का नारा- "हो गया काम, जय श्री राम"
दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पांच में से चार वार्ड में जीत दर्ज की है। शानदार प्रदर्शन के बाद आप कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं- हो गया काम, जय श्री राम। दिल्ली नगर निगम चुनाव में मिली जीत से आम आदमी पार्टी गदगद है। वंही पूर्वोत्तर दिल्ली के मुस्लिम बाहुल वार्ड चौहान बांगर से कांग्रेस को जीत मिली है। यहां कांग्रेस बड़े अंतर से जीती है। बता दें कि यह वही इलाका है, जो दंगे में सबसे अधिक प्रभावित हुआ था। नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के खाते में एक भी सीट नहीं गई है। नगर निगम की त्रिलोकपुरी ईस्ट, रोहिणी सी, शालीमार बाग नॉर्थ, चौहान बांगर और कल्याणपुरी सीटों के लिए उप चुनाव हुआ था।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस जीत के लिए अपनी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है और कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के शासन से दिल्ली की जनता दुखी हो चुकी है। मनीष सिसोदिया ने अगले साल होने वाले नगर निगम चुनावों की तैयारी को लेकर भी संकेत दे दिए हैं। मनीष सिसोदिया ने कहा कि एमसीडी उपचुनाव में 5 में से 4 सीटें जीतने पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई। बीजेपी के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है। अगले साल होने वाले MCD चुनाव में जनता अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी।
