कृषि कानूनों की वापसी पर भड़की कंगना ने भारत को बताया जिहादी राष्ट्र
विवादास्पद कृषि कानूनों को वापस लेने के केंद्र सरकार के फैसले का अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, तापसी पन्नू और ऋचा चड्ढा सहित कई फिल्मी हस्तियों ने शुक्रवार को स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुरु नानक जयंती के अवसर पर राष्ट्र के नाम संबोधन में तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा की और कहा कि इसके लिए संसद के आगामी सत्र में विधेयक लाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने न्यूनतम समर्थन मूल्य से जुड़े मुद्दों पर एक समिति बनाने की भी घोषणा की।
हालांकि अभिनेत्री कंगना रनौत के अलग विचार हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के सरकार के फैसले पर नाखुशी प्रकट की है। उन्होंने कहा, ‘दुखद, शर्मनाक, बिल्कुल ही अनुचित’ उन्होंने सरकार के इस कदम की सराहना करने वाले एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता को जवाब देते हुए लिखा, ‘यदि सड़क पर लोगों ने कानून बनाना शुरू कर दिया है और निर्वाचित सरकार संसद में यह कार्य नहीं करे तब फिर यह एक जिहादी राष्ट्र है...उन सभी को बधाई जो इसे पसंद करते हैं।
