काकोरी कुकर कांड में बड़ा खुलासा, आतंकियों के मोबाइल में मिले भड़काऊ वीडियो
काकोरी कुकर कांड में बड़ा खुलासा हुआ है। एटीएस की रिमांड में चल रहे संदिग्ध आतंकी मिन्हाज और मशीरुद्दीन के मोबाइल में 12 वीडियो मिले हैं। दावा है कि, ये वीडियो उनके हैंडलर ने भेजे थे। वीडियो उन्माद से भरे हैं और युवाओं को बरगलाने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक, इन वीडियो का इस्तेमाल अलकायदा और उसके इंडियन मॉड्यूल अंसार गजवातुल हिन्द के आका भी कर रहे हैं। एटीएस को इन दोनों की कॉल डिटेल से पता चला है कि अधिकतर कॉल दिल्ली मेरठ, हरदोई, बरेली और कानपुर में की गई हैं। कानपुर में सबसे ज्यादा कॉल 8 और 9 जुलाई को हुई हैं।
इन कॉल डिटेल्स के आधार पर एटीएस ने अलग से जांच शुरू कर दी है। इसके लिए एटीएस की 3 टीमों को अलग-अलग जिलों में भेजा गया है। मिन्हाज ने 4 बार नेपाल में 2 अलग अलग लोगों से बात की है। इनकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
वंही, अल कायदा से जुड़े आतंकियों से पूछताछ में कई चौंका देने वाले खुलासे हुए हैं। जिसके मुताबिक ये आतंकी मई में ही उत्तर प्रदेश में सीरियल ब्लास्ट करने वाले थे, लेकिन कोरोना की वजह से उन्हें भीड़भाड़ वाली जगह नहीं मिली। इसके बाद आतंकियों ने जुलाई के तीसरे हफ्ते को चुना, लेकिन उससे पहले वो सलाखों के पीछे पहुंच गए।
