BJP ने विपक्ष के पैदल मार्च पर किया पलटवार, कहा- इन्होंने संसद को सड़क बना दिया
राज्यसभा में कल हुए हंगामे को लेकर आज विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद से विजय चौक तक पैदल मार्च किया। मार्च में विपक्षी नेताओं ने सरकार पर तानाशाही और लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। विपक्ष के इन आरोपों पर अब बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी ने कहा है कि विपक्ष ने लगातार हंगामा करके संसद को सड़क बना दिया। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘’जिस प्रकार का व्यवहार आज कांग्रेस पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी पार्टियां सड़क पर उतरकर कर रही हैं। जिस प्रकार अराजकता संसद के अंदर विपक्षी पार्टियों और खासकर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने दिखाया है, उससे पूरा देश और लोकतंत्र शर्मसार हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि एक सुरक्षाकर्मी भी हताहत हुई है। वो भी अस्पताल में है। ये वही विपक्षी हैं जो कह रहे थे कि संसद का एक विशेष सत्र बुलाना चाहिए, मगर जब सत्र चल रहा था, कोरोना पर एक दिन भी चर्चा नहीं होने दी।’
