शिमला के कोटशेरा कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफसर ने छात्रा के साथ की छेड़छाड़, मामला दर्ज | Shimla News
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के शिमला (Shimla) शहर के कोटशेरा कॉलेज में छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। बालूगंज थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, थाने से ही बेल भी मिल गई है। कॉलेज की सैक्सुअल हरासमेंट कमेटी ने भी आरोपी प्रोफेसर को नोटिस देकर जवाब मांगा है। पुलिस के पास दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिमला के सरकारी डिग्री कॉलेज कोटशेरा की एक छात्रा ने अपने कॉलेज के एक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया। आरोप है कि कॉलेज में मैथ्स पढ़ाने वाला एक प्रोफेसर पिछले एक सप्ताह से उसका यौन उत्पीड़न कर रहा है। आरोपी वाट्सएप के जरिए उसे मैसेज भेजता है। साथ ही आरोपी प्रोफेसर ने मिलने के लिए उसे अपने कमरे में भी बुलाया, लेकिन उसने मिलने से इनकार कर दिया।
छात्रा के मुताबिक, एक दिसंबर को सुबह 11 बजे के करीब आरोपी प्रोफेसर उसे चौड़ा मैदान में मिला, जहां से वह उसे चक्कर स्थित अपने क्वार्टर ले गया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ की। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल वर्मा ने बताया कि कॉलेज छात्रा की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 354-ए व 354-डी के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई गई है। कॉलेज की सैक्सुअल हरासमेंट कमेटी ने भी शिक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। पीड़िता छात्रा ने कमेटी को भी शिकायत दी थी। सोमवार को आरोपी शिक्षक ने जवाब कमेटी के सामने रखा है। वहीं, साथ ही वह थाने में भी पेश हुआ था। जहां से आरोपी को बेल मिल गई है।
