भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए पीएम मोदी, पांच राज्यों में चुनाव पर हुआ मंथन
आज भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की एक बड़ी बैठक हुई। इसको लेकर पीएम मोदी दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संबोधित भी किया। इस बैठक में पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम को लेकर चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। इन राज्यों में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बैठक में पीएम मोदी के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हुए। राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी के साथ प्रदेश अध्यक्ष भी बैठक में पहुंचे। पिछले कई महीनों से दिल्ली के बॉर्डर पर किसान आंदोलन चल रहा है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में किसान आंदोलन को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा ने रणनीति तैयार की कि कैसे किसानों के बीच सरकार के इन तीनों कानूनों को लेकर जागरूक किया जाए।