करतारपुर साहिब मंत्रियों के साथ दर्शन करने जाएंगे सीएम चन्नी, सिद्धू को साथ जाने की नहीं मिली इजाज़त
सीएम चरणजीत चन्नी गुरुवार को अपनी कैबिनेट के साथ करतारपुर साहिब माथा टेकने जाएंगे लेकिन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू को आधिकारिक तौर पर इस जत्थे का हिस्सा नहीं होने की जानकारी दी गई है। इस बारे में सिद्धू के मीडिया सलाहकार सुरिंदर दल्ला ने बताया कि सिद्धू को आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया गया है कि वह 18 के बजाय 20 नवंबर को जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धू को पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों के साथ जाना था। उन्होंने पूरी तैयारी भी कर ली थी। गुरु पर्व पर करतारपुर कॉरिडोर खुलने का स्वागत तो सभी ने एक सुर में हर्ष जताकर किया लेकिन गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने जाने के मामले में फिर टकराव की बात सामने आई है।
श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर से सड़क के रास्ते जाने वाले पहले जत्थे के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के साथ भाजपा नेताओं का जत्था गुरुवार सुबह पाकिस्तान रवाना होगा। आम आदमी पार्टी के नेता पाकिस्तान जाकर श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करेंगे। 19 नवंबर शुक्रवार को सभी नेता और विधायक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान के साथ श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकेंगे।