राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए सीएम सुक्खू, प्रतिभा सिंह व कांग्रेस के 40 विधायक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू समेत कांग्रेस के 40 विधायकों ने राजस्थान में राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा के 100 वें दिन हिस्सा लिया। उनके साथ डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी नजर आईं। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भारत जोड़ो देशभर में इतिहास रच रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर ने कहा कि हिमाचल में सरकार बनाना पार्टी के लिए उपलब्धि है। उन्होंने कहा हिमाचल हिमालय का ताज है और ताज अब कांग्रेस के पास है। प्रदेश की जनता ने जो विश्वास दिखाया है, पूरी पार्टी एक साथ मिलकर उसपर खरा उतरेगी। इस मोके पर प्रभारी राजीव शुक्ला भी यात्रा का हिस्सा बने। वहीं राहुल गांधी ने भी हिमाचल के नेताओं का सत्कार किया और प्रतिभा, सुक्खू और मुकेश का विजय हाथ उठाया।
राहुल गांधी ने भी हिमाचल के नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साँझा करते हुए लिखा- हम भारत जोड़ो यात्रा पर इसी विश्वास के साथ निकले थे कि राह कठिन होगी, मगर बदलाव मुमकिन है और 100 दिनों के सबके प्यार और सौहार्द से यह विश्वास और भी पुख्ता हो गया है। आज भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री और विधायक शामिल हुए। राज्य में उनकी मेहनत और तपस्या की सफलता इस बात का प्रतीक है कि हिमाचल ने नफरत की मानसिकता को ठुकरा कर प्रगति और प्रेम को गले लगाया है।
