किसान आंदोलन में मरे किसानों को आनी में कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
आनी उपमण्डल के अध्यक्ष चन्द्र केश शर्मा ने आज कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिल कर दो मिनट का मौन रखकर आन्दोलन में मरे किसानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों का विरोध जताते हुए किसानों के साथ हर तरह से खड़े रहने का भरोसा दिया। इस बैठक में सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
आनी कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्र केश शर्मा ने किसान संगठनों से जुड़े लोगों व पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के लिए तीन नए कृषि कानून किसी सजा से कम नहीं हैं। ये बिल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं, न कि किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए। ये लड़ाई सिर्फ किसान की नहीं बल्कि आम इंसान की भी है। हम इन कानूनों का विरोध करते हैं और किसानों के साथ खड़े हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस भी तरह से किसानों की मदद की बात हो, वो हमेशा खड़े हैं। शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार और जेजेपी किसानों की अनदेखी कर रही हैं, किसान आज लाचार परेशान होकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार बड़े उद्योगपति लोगों के लिए काम कर रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता धनी राम ठाकुर ने कहा कि जो किसान पूरे देश दुनिया का पेट पालता हो, उसके साथ मोदी सरकार का गैर जिम्मेदाराना रवैया पूरी तरह से गलत है। प्रदेश की गठबंधन सरकार ने भी किसानों की खूब अनदेखी की है। उन पर लाठी, आंसू गैस के गोले और ठंडे पानी की बौछारें चलाई गई हैं।