Coronavirus: हिमाचल में फिर बढ़ने लगा कोरोना, राज्य में एक्टिव केस 2 हजार के पार
भारत में कई राज्यों में कोरोना के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। इस बीच हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना वायरस के आंकड़े एक बार फिर डराने लगे हैं। यहां भी कोविड-19 के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 438 पॉजिटिव मामले सामने आये हैं, जबकि संक्रिमित 2 मरीजों की मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4128 तक पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामले बढ़कर 2043 तक पहुंच गए हैं। जून महीने की शुरुआत में एक वक़्त ऐसा भी था जब हिमाचल में एक्टिव मामले घटकर महज 42 रह गए थे। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले कांगड़ा में 481 और चंबा में 408 दर्ज किए गए है। इसके अलावा शिमला में 265, मंडी में 204, सिरमौर 142, कुल्लू में 132 केस सामने आए हैं। इसके साथ ही हमीरपुर में 116, सोलन में 106, बिलासपुर 79, ऊना में 50, किन्नौर 42 जबकि लाहौल स्पीति में 18 एक्टिव मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 3660 नमूने जांच के लिए गए हैं, जिनमें से 438 पॉजिटिव पाए गए।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी प्रदेश में लगातार बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। सीएम ने ये भी कहा कि भले ही कोविड-19 के मामलों में वृद्धि हो रही है, लेकिन अस्पताल में दाख़िल होने का आंकड़ा बहुत कम है। सरकार लगातार इस पर नज़र रखे हुए है। कैबिनेट में भी इसको लेकर चर्चा हुई है। बढ़ते मामलों के बीच ढिलाई नहीं बरती जा सकती। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के लिए राहत की बात ये है कि राज्य दोनों वैक्सीन लगाने वाला पहला राज्य है। यहां अधिकतर लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जबकि करीब 5 लाख लोगों को बूस्टर डोज़ भी लगाई जा चुकी है। अब 18 जुलाई से प्रिकॉशन डोज़ निशुल्क कर दी गई है, ऐसे में हिमाचल इसकी तैयारियों में जुट गया है।
