भारत के करीब 60 लाख फेसबुक यूजर्स का डाटा हुआ लीक
भारत के करीब 60 लाख फेसबुक यूजर्स की निजी जानकारियां व फोन नंबर लीक करके मुफ्त में ऑनलाइन बांटा जा रहा है। विश्व के कुल 53.30 करोड़ यूजर्स का यह डाटा करीब 1060 करोड़ रुपये मूल्य का है। हालांकि इसे मुफ्त में बांटा गया है। मुफ्त में ऑनलाइन बांटा जा रहा यह लीक इतने बड़े स्तर पर है कि बड़ी संख्या में हैकर इसे स्टोर करके मौके-मौके पर उपयोग कर सकते हैं।
आईटी कानूनों के विशेषज्ञ सलमान वारिस का कहना है की लीक हुई निजी जानकारियों में फेसबुक यूजर्स की जन्म तिथि, पूरा नाम, बायो, लोकेशन और ई-मेल पते शामिल हैं। साथ ही कई मामलों में फोन नंबर भी लीक हैं। इसे फेसबुक के इतिहास का सबसे बड़ा डाटा लीक प्रकरण कहा गया है। अंदेशा है कि यह लीक 2019 में फेसबुक की एक तकनीकी कमजोरी की वजह से हुआ है। अधिकतर जानकारियां स्थायी होने के कारण डेढ़ से दो साल पुराना डाटा भी महत्वपूर्ण है। डाटा लीक होने के कारण हल्के स्तर की हैकिंग में उपयोग हो सकता है। जिससे किसी निजी अकाउंट का पासवर्ड तोडा जा सकता है। इसके संदर्भ में डाटा लीक होने को स्वीकारते हुए फेसबुक ने आधिकारिक जवाब में बचाव करते हुए कहा कि डाटा पुराना है और साल 2019 में लीक हुआ था। इसके लिए अगस्त 2019 में खामियां सुधारी गई थीं।