देश का पहला ई-व्हीकल फ्रेंडली हाईवे बना दिल्ली-चंडीगढ़
( words)
केंद्र सरकार पिछले कुछ समय से ऑटो सेक्टर में इलेक्ट्रिक व्हीकल को बढ़ावा देने पर जोर देती आ रही है। इसी कड़ी में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए सरकार ने दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे को ई-व्हीकल फ्रेंडली हाईवे के तौर पर तैयार कर लिया है। सरकार के अनुसार ये देश का पहला ई-व्हीकल फ्रेंडली हाईवे है। भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने गुरुवार एक वर्चुअल कार्यक्रम में हरियाणा के कर्ण लेक रिजॉर्ट में अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय की फेम-1 योजना के तहत इस हाइवे पर चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क तैयार किया है. सौर ऊर्जा से चलने वाला ये चार्जिंग स्टेशन हर प्रकार के ई-व्हीकल को चार्ज कर सकता है।
