नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों का भारत बंद, सुबह 6 से शाम 6 बजे दिल्ली के रास्तें बंद
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले चार महीने से आंदोलन कर रहे किसानों ने 26 मार्च, शुक्रवार को देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया है। भारत बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। किसान नेताओं ने कहा है कि भारत बंद में शामिल होने के लिए किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी। किसानों ने सुबह करीब 6:00 बजे दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे की दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन को बैरिकेड लगा कर बंद कर दिया। किसान वहां पर ढोलक और घंटी बजा कर होली का आनंद भी ले रहे हैं। किसानों ने दिल्ली से कौशांबी जाने वाली लेन को भी बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। हालांकि इस लाइन पर दिल्ली पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग लगाई हुई है मगर किसानों ने इससे कुछ दूरी पर अपनी बैरिकेडिंग लगा दी है।
किसानों के भारत बंद का असर पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में नजर आ रहा है। किसानों ने रूखी में रोहतक-पानीपत हाईवे जाम कर दिया। वहीं, ढकोली जीरकपुर रोड भी बंद कर दिया गया। वंही, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि भारत का इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय व अहंकार का अंत होता है। उन्होंने आगे लिखा कि आंदोलन देशहित में और शांतिपूर्ण हो। भारत बंद के दौरान पंजाब-हिमाचल सीमा पर किसानों आंदोलनकारियों ने धरना प्रदर्शन किया। हिमाचल से आने वाले लोगों को सीमा पर ही रोका गया, हालांकि इस दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। विभिन्न किसान संगठनों के लोग धरने में हुए सम्मिलित हुए हैं और हिमाचल से आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।