दिल्ली के बेगमपुर में नाबालिग ने शादी से इनकार किया तो शख्स ने ली जान, इलाके में तनाव
दिल्ली के बेगमपुर में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद नाबालिग की हत्या कर दी गई। एकतरफा प्यार के चलते हुए इस घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक लईक नाम का शख्स नाबालिग लड़की से शादी करना चाहता था। उसने लड़की के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। लड़की ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। इस बात से आरोपी नाराज हो गया।
शुक्रवार को जब लड़की के मां-बाप घर पर नहीं थे, तो लईक लड़की के घर पहुंचा और हथौड़े से लड़की पर कई वार कर फरार हो गया। लड़की को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि लड़की के साथ कोई यौन उत्पीड़न नहीं किया गया है। उसकी हत्या की गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला कि लईक और लड़की के बीच पिछले 5 साल से दोस्ती थी और लड़की के परिवारवालों से लड़के के अच्छे संबंध थे। शुक्रवार की शाम लईक लड़की के घर गया था लड़की के माता पिता घर पर नहीं थे लेकिन लड़की का कजिन और छोटा भाई घर पर थे, सबने एक साथ खाना भी खाया था। खाना खाने के बाद लईक ने लड़की से शादी करने की बात कही जिसको लेकर दोनो में विवाद हो गया। इसी विवाद में लईक ने लड़की के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया जिससे लड़की की मौत हो गई।
