NH-154 पर शाहपुर-रेहलू क्रॉसिंग के पास अंडरपास निर्माण की मांग तेज, गडकरी ने लिया संज्ञान
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और आम जनता की सुविधा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। शाहपुर–रेहलू लिंक रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-154 की क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था।
इस मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने केवल सिंह पठानिया को लिखित जवाब भेजकर अवगत करवाया है कि उनके पत्र में प्रमुखता से उठाये मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर–रेहलू लिंक रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-154 की क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि इस स्थान पर अंडरपास का निर्माण क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री द्वारा लिखित रूप में मामले पर संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी देने का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी, जिससे शाहपुर–रेहलू क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
