शराबी पिता ने हैवानियत की हद्द की पार, पत्नी-बेटी को बेरहमी से पीटा, ढाई साल की मासूम की मौत
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के पुलिस थाना गगरेट के तहत गांव चलेट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर पत्नी-बेटी को बेरहमी से पीट डाला। मारपीट में घायल दो साल की मासूम बेटी ने दम तोड़ दिया जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। मामले में छानबीन की जा रही है। एसपी ऊना भी मौके पर पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार चलेट निवासी रविंद्र कुमार पुत्र सुभाष चंद ने शनिवार सुबह अपनी पत्नी सोनिका व दो साल की बेटी सानवी के साथ मारपीट की। व्यक्ति ने ढाई साल की बच्ची और पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे बच्ची ने देर रात ही दम तोड़ दिया व पत्नी गंभीर रूप से घायल होने से बेहोश पड़ी रही। घटना में घायल बच्ची को उपचार के लिए सीएचसी दौलतपुर चौक ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी की स्थिति भी गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मारपीट में उपयोग में लाई गए चीजों का पता लगा रही है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
घटना की जानकारी लोगों को सुबह मिली जब घर का दरवाजा न खुला और जो भी दरवाजा खुलवाने के प्रयास करता उसे गाली ग्लौज करता और अंदर से फर्श की टाइल्स तोड़ कर मारता। लोगों ने फिर जोर से दरवाजे को धक्का देकर तोड़ा तो देखा कि फर्श पर ढाई साल की बच्ची और उसकी पत्नी पड़ी हुई थीं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पति और पत्नी के झगड़े में लड़ाई इस हद तक बढ़ जाएगी इसका अंदाज़ा शायद किसी को न था।
