पीएम मोदी के साथ सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती, पढ़िए पूरा मामला
जम्मू-कश्मीर मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 24 जून को होने वाली क्षेत्रीय दलों की सर्वदलीय बैठक में नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारुक अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती शामिल होंगे। पीएम मोदी के साथ होने वाली बैठक से पहले आज श्रीनगर में फारुक अब्दुल्ला की अध्यक्षता में उनके घर पर गुपकार पार्टियों की बैठक हुई, जिसमें महबूबा मुफ्ती समेत 7 नेता मौजूद रहे। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बुलाई गई बैठक में जाने के विषय पर चर्चा हुई। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि हम सभी सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे। अपनी बात प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री के सामने रखेंगे। केंद्र की ओर से मीटिंग का कोई भी एजेंडा स्पष्ट नहीं किया गया है। बता दें, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के लिए जम्मू-कश्मीर के चार मुख्यमंत्रियों सहित 14 नेताओं को न्योता दिया गया है जिसमें उम्मीद की जा रही कि केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की रूपरेखा पर चर्चा होगी। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने इन नेताओं को बैठक में आमंत्रित करने के लिए आठ पार्टियों- एनसी, पीडीपी, बीजेपी, कांग्रेस, जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी, माकपा, पीपुल्स पार्टी और पैंथर्स पार्टी से फोन पर संपर्क किया। यह बैठक राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास पर अपराह्न तीन बजे होगी। पांच अगस्त 2019 को केंद्र द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद प्रधानमंत्री का जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक पार्टियों से यह पहला सीधा संवाद होगा। हालांकि, साल 2018 से ही राज्य में केंद्रीय शासन है।
