पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने स्वर्ण जयंती पर दी बधाई, बोले प्रदेश का हुआ चहुंमुखी विकास
पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 साल पुरे होने पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा की 50 साल के इस सफर में हिमाचल प्रदेश एक आदर्श मॉडल के तौर पर जाना जाता है। हिमाचल केवल पहाड़ी राज्यों में नहीं बल्कि शिक्षा स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं में देश के बड़े राज्यों में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने कहा हिमाचल के अस्तित्व में लाने और इसे पूर्ण राज्य का दर्ज देने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता, जिन्होंने स्वयं शिमला के रिज मैदान से इसकी घोषणा की थी। प्रदेश सदैव उनका ऋणी रहेगा। वीरभद्र सिंह ने कहा आज प्रदेश के हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है। कठिन भाैगोलिक परिस्थितयों में विकास के मार्ग में कई चुनौतियां भी आईं।
उन्होंने प्रदेशवासियों विशेष तौर पर युवाओं का आह्वान किया है कि उन्हें प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को आगे आएं। उन्होंने कहा आधुनिक युग में आधुनिक सोच के साथ युवाओं को एकजुटता से आगे आने की बहुत ही आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश आगे भी इसी तरह विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।