पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन, 87 की उम्र में ली अंतिम सांस
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का मंगलवार सुबह 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें कांगड़ा के सिटी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से शाहपुर, कांगड़ा और प्रदेश के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है।
मेजर मनकोटिया राजनीति में आने से पहले भारतीय सेना में अधिकारी रहे। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और 1982 में शाहपुर से निर्दलीय विधायक बनकर राजनीतिक सफर शुरू किया। वह 1985, 1990, 1993 और 2003 में भी शाहपुर से विधायक चुने गए और कुल पांच बार विधानसभा पहुंचे।
उन्होंने हिमाचल सरकार में दो बार मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उनके पास पर्यटन, नागरिक उड्डयन और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभाग रहे। वह हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष भी रहे।
उनका राजनीतिक सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा। 2007, 2012 और 2017 के चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ राजनीतिक मतभेद भी लंबे समय तक चर्चा में रहे। 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था I
निधन की सूचना के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत कई नेताओं ने शोक जताया। परिवार के सदस्य विदेश में रहते हैं, इसलिए उनके पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की तारीख और समय तय किया जाएगा। मेजर मनकोटिया अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए है I
