सुंदरनगर में त्रिदेवो को दिया भाजपा की जीत का गुरुमंत्र
मिशन रिपीट का सपना साकार करने के लिए भाजपा लगातार कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर जोर दे रही है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को केंद्रीय दिग्गजों द्वारा जीत का गुरुमंत्र दिया जा रहा है। पार्टी कार्यक्रमों के ज़रिये विधानसभा चुनाव की पूरी रणनीति का पाठ कार्यकर्ताओं को पढ़ाया जा रहा है। मंगलवार को भी भाजपा द्वारा मंडी संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन जवाहर पार्क सुंदरनगर में किया गया। इस सम्मलेन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह ने इस सम्मलेन में कहा कि यह जय राम ठाकुर सरकार द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों का ही नतीजा है जो राज्य में भाजपा एक बार फिर से सत्ता में आने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा की सेवा सुशासन और संकल्प के साथ भाजपा अब तक आगे बढ़ी है। सब का साथ सब का विकास और सब का विश्वास और अब सबका प्रयास के संकल्प के साथ अब सबको आगे बढ़ाना होगा। अपने सम्बोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह को अपना दोस्त भी बताया।
इस सम्मलेन के दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव में 'मिशन रिपीट' सुनिश्चित करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ काम करने का आग्रह किया। ठाकुर ने 'त्रिदेव सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल भाजपा ही है जहां एक आम पार्टी कार्यकर्ता शीर्ष स्थान पर पहुंच सकता है, जबकि अन्य सभी राजनीतिक दलों का नेतृत्व परिवारों द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार संगठन नहीं बनाती बल्कि वह संगठन है जो सरकार बनाता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के परीक्षण के समय में एक प्रमुख और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने न केवल मुफ्त मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया, बल्कि जरूरतमंदों को मुफ्त भोजन और आश्रय भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने 12 करोड़ रुपये के फर्जी बिल उसके आलाकमान को देते हुए दावा किया कि यह राशि उन्होंने जरूरतमंदों को पीपीई किट, वेंटिलेटर, सैनिटाइजर आदि उपलब्ध कराने में खर्च की है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने यह मन बना लिया है कि राज्य में भाजपा फिर से सत्ता में आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले चार वर्षों में भाजपा सरकार ने राज्य को देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए हमेशा कड़ी मेहनत की है।
नड्डा वचन देते तो पवन राणा को मांग लेता
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने सम्बोधन के दौरान भाजपा के संगठन मंत्री पवन राणा की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा की अगर नड्डा जी मुझे कभी कोई वचन देते तो में अपने राजस्थान के लिए पवन राणा जी को मांगता।
पहले शाहपुर, अब सुंदरनगर, अगला सोलन
भाजपा द्वारा प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों में त्रिदेव सम्मलेन का आयोजन किया जा रहा है। सबसे पहले कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का त्रिदेव सम्मलेन जिला कांगड़ा के शाहपुर में आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शिरकत की थी। वहीँ मंडी संसदीय क्षेत्र का त्रिदेव सम्मलेन मंगलवार को सुंदरनगर में आयोजित हुआ। शिमला संसदीय क्षेत्र का त्रिदेव सम्मेलन 23 मार्च को सोलन में प्रस्तावित है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आने की बात भी कही जा रही है, हालाँकि अभी तक इसका औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है।