हमीरपुर में पेश आया दर्दनाक सड़क हादसा, छह साल की बच्ची को मां के सामने ट्रक ने रौंदा
हमीरपुर जिला से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हमीरपुर जिले के रंगस गांव में नादौन-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक के नीचे आ जाने से एक छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर मौत हो गई। प्रवासी बच्ची अपनी मां के साथ शनिवार सुबह करीब 10 बजे रंगस बाजार की ओर जा रही थी। इस दौरान वह सड़क से गुजर रहे एक ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि ट्रक का आगे व पीछे वाले टायर बच्ची को रौंदते हुए उसके ऊपर से निकल गए और सड़क पर शरीर के चिथड़े बिखर गए। मौका पर ही रोती विलखती मां ने अपनी बच्ची के शरीर के हिस्सों को सड़क से इकट्ठा करके एक चादर से ढक कर सड़क के किनारे पर रख दिया। इस हादसे को देख हर कोई सहम गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नादौन नीरज राणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है।
