हिमाचल : राशन डिपुओं में उड़द-चना दाल और सरसों का तेल मिलेगा सस्ता
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने लाखों उपभोक्ताओं को मामूली राहत दी है। राशन डिपुओं में उड़द, चना दाल और सरसों तेल के दाम घटाए गए हैं। हालांकि, मलका और महंगी कर दी गई है। सरकार की ओर से जारी नए दामों के अनुसार अंत्योदय व एपीएल राशन कार्ड उपभोक्ताओं को मलका दाल के लिए प्रति किलो तीन रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। उड़द और चना दाल प्रति किलो दो-दो रुपये सस्ती की गई है।
अंत्योदय व एपीएल उपभोक्ताओं को प्रति लीटर सरसों तेल तीन रुपये सस्ता मिलेगा। वहीं, टैक्स देने वाले उपभोक्ताओं को मलका दाल चार रुपये महंगी मिलेगी। उड़द व चना दाल पर प्रति किलो दो-दो रुपये जबकि सरसों तेल की खरीद पर एक रुपये की छूट मिलेगी। सरकार ने हाल ही में टेंडर करवाए थे। इसके चलते अब उपभोक्ताओं को नए दामों के मुताबिक राशन मुहैया करवाया जाएगा।
