हिमाचल में गर्मी का प्रकोप जारी, 18 मई से मौसम में बदलाव के आसार

हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिसके चलते तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से लगभग तीन डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि 18 मई की शाम से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलेगा और बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मंगलवार को जिला ऊना प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मंगलवार को अन्य प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान इस प्रकार रहा: शिमला में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 31.1 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 24.0 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 34.6 डिग्री सेल्सियस और कांगड़ा में 35.5 डिग्री सेल्सियस। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।