जयराम सरकार गरीबों-मजदूरों की चिंता करने वाली सरकार : बिक्रम ठाकुर
पालमपुर के सम्पूर्ण विकास का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को ही जाता है और उनके समय मे ही पालमपुर बड़े बड़े संस्थान स्थापित हुए हैं। पालमपुर पहुंचे उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने ये बात कही। उद्योग मंत्री मंगलवार को पालमपुर के शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा मैदान पालमपुर में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिये आयोजित विशाल जागरूकता शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर पालमपुर विधान क्षेत्र से सम्बंधित असंगठित क्षेत्र के करीब 4 हजार लोगों को पंजीकरण कापियां भी वितरित की। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में आम और गरीब आदमी तथा मज़दूरों की चिंता करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों के कल्याण के लिए गठित भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के पंजीकरण नियमों को सरल बनाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा गया है ताकि बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि बोर्ड से मिलने वाली राहत राशि को भी लगभग दोगुना किया गया है। उन्होंने लोगों से सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों तथा बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम आदमी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हरिद्वार के लिए चलेगी एसी बस
परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश के परिवहन बेड़े में 206 नई बसों को शामिल किया गया है और पालमपुर डिपो को पालमपुर से हरिद्वार के लिये एक नई एसी बस उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने निगम अधिकारियों को होल्टा, पंतेहड़ पट्टी नई बस सेवा, सपेड़ू से उतराला बिनवा नगर, मैंझा से री -गिद्दा -हंगलोह, बदरेणा- नीलकंठ -सरसावा, चामुंडा-खारटी-जुगेहड़ और ब्रह्म ठेहडू लाहला तक एक सप्ताह में बसे चलाने के लिये आदेश दिये। उन्होंने पालमपुर बस अड्डे के लिये भी राशि देने की घोषणा की।
मिशन के रूप में किया कामगारों का पंजीकरण : त्रिलोक कपूर
वूल फेडरेशन के अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि पालमपुर हलके से सम्बंधित 4 हजार से अधिक कामगारों के पंजीकरण कार्ड वितरित किये गये है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं की जानकारी आम आदमी तक पहुंचाने के लिये पालमपुर हलके में 26 जून से 3 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर शेष लोगों भी जोड़ने का प्रयास किया जायेगा। पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के 340 महिला मंडलों को एक एक हजार लीटर पानी की टंकी तथा 10-10 गद्दे उपलब्ध करवाए गए हैं ताकि महिलाओं को सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में इनका लाभ प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि पालमपुर हलके में 4 हजार के लगभग सोलर लाइट लगवाई गई हैं। 1100 से अधिक किसानों को सीएसआईआर से जोड़ कर निःशुल्क उन्नत बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।